भाजपा के 15 साल में उद्योग बंद हुए, हम प्रदेश की पहचान माफिया से बदल निवेश लाने की करेंगे : सीएम

प्रदेश में 15 साल के भाजपा के शासनकाल में जितने उद्योग लगे नहीं, उससे ज्यादा बंद हो गए। युवा के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना, उद्योग बढ़ाना, नए अौर ज्यादा से ज्यादा निवेश प्रदेश में आए, इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। निवेश तब आएगा जब विश्वास बढ़ेगा। अब हमें प्रदेश की प्रोफाइल बदलना है। प्रदेश की प्रोफाइल माफिया से नहीं हो सकती है। हमें ये पहचान बनाना है कि इंदौर और प्रदेश के लोग तमिलनाडु, कर्नाटक या देश में कहीं भी जाएं तो हमें अलग नजरिए से देखें। हम प्रदेश की प्रोफाइल बदलने में लगे हुए हैं। यह बात मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को राऊ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में कही।


उन्होंने यहां पर 1300 करोड़ की अलग-अलग 30 से ज्यादा योजनाओं की एक साथ शुरुआत रिमोट के माध्यम से की। किसानों को ऋण माफी के प्रमाण-पत्र का वितरण भी किया। कमलनाथ ने कहा राष्ट्रवाद वो लोग हमें (कांग्रेस) सिखा रहे हैं, जिनका कोई व्यक्ति आजादी के आंदोलन में शामिल तक नहीं हुआ।  इससे पहले उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने राऊ विधानसभा क्षेत्र को इतनी सारी योजनाएं देेने के लिए सीएम का आभार माना।


गृहमंत्री बाला बच्चन, कृषि मंत्री सचिन यादव, प्रमोद टंडन, सदाशिव यादव, नरेंद्र सलूजा सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, विनय बाकलीवाल, फौजिया अलीम मौजूद थे। वहीं इंदौर में सीएम ने कहा- हमें भोपाल गैस त्रासदी या माफिया के कारण प्रदेश की पहचान नहीं बनने देना है। बल्कि हम इस दिशा में काम कर रहे हैं कि हमारा प्रदेश महिला सुरक्षा में नंबर वन बने।


सीएम की मौजूदगी में भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए यादव-पटेल


सीएम की मौजूदगी में भाजपा के दो पूर्व पार्षद शंकर यादव और उस्मान पटेल कांग्रेस में शामिल हुए।  यादव ने कहा लोग कह रहे हैं कि मैं व्यक्तिगत कारणों से भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुआ, व्यक्तिगत कारणों का खुलासा बाद में करूंगा। अभी इतना ही कि भूमाफिया के खिलाफ प्रदेश सरकार का अभियान और मुख्यमंत्री कमलनाथ की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल हुआ। भाजपा में 10 साल मुझे प्रताड़ित किया गया। मेरे सम्मान को ठेस पहुंचाई गई।  वहीं पटेल ने कहा भाजपा काला कानून (सीएए) लाई जो समाज और देशहित में नहीं था। इसलिए भाजपा से इस्तीफा दिया।